तुम को स्वर्ग के राज्य के भेदों की समझ दी गई है। (मत्ती 13:11)

क्या यह जानना अद्भुत नहीं है कि परमेश्वर अपनी संतानों के लिए रहस्यमय नहीं है? बहुत से लोग, अज्ञानता या परम्परा के कारण यह विश्वास करते हैं कि परमेश्वर के मार्ग छिपे हुए और अज्ञात हैं। लेकिन यीशु ने हमें यह प्रकटीकरण नहीं दिया।

यीशु ने यह स्पष्ट कर दिया कि राज्य के रहस्यों को जानना, आपको दिया गया है – उसकी संतानों को , उसके शिष्यों को। उसने हमसे सत्य नहीं छिपाया; बल्कि, उसने हमें अपनी आत्मा दि ताकि वह हमें सब सत्य का मार्ग दिखाए। “परन्तु जब वह अर्थात सत्य का आत्मा आएगा, तो तुम्हें सब सत्य का मार्ग बताएगा, क्योंकि वह अपनी ओर से न कहेगा, परन्तु जो कुछ सुनेगा, वही कहेगा, और आनेवाली बातें तुम्हें बताएगा” (यूहन्ना 16:13)।

पवित्र आत्मा को आप में वास करने और परमेश्वर की गहरी बातें प्रकट करने के लिए भेजा गया है। वह आपको भ्रम की ओर नहीं बल्कि स्पष्टता की ओर ले जा रहा है। जब आप उसके साथ चलते हैं, तो वह वचन को उजागर करता है और समझ के साथ आपके मार्ग को प्रकाशित करता है।

अनुग्रह के इस मौसम में, हम राज्य की बुनियादी किन्तु सामर्थी सच्चाइयों को खोजेंगे – ऐसी सच्चाइयाँ जो आपको अधिक प्रकाश और स्पष्टता की ओर ले जाएंगी। आप अँधेरे में नहीं हैं। आपको जीवन में अपना रास्ता खुद तय करने के लिए नहीं छोड़ा गया है। परमेश्वर के मार्गों को आपकी आत्मा पर प्रकट कर दिया गया है।

इस समझ के साथ आज परमेश्वर की आराधना करें। इस बात का उत्सव मनाएँ कि वह दूर या छिपा हुआ नहीं है। उसका वचन सुलभ है, और उसकी आत्मा आपके अंदर है।

प्रार्थना:
पिता, मैं आपको धन्यवाद देता हूँ कि आप मेरे लिए रहस्यमय नहीं हैं। आपने मुझे अपना वचन दिया है और अपनी आत्मा से मुझे भर दिया है ताकि मैं आपके मार्गों को जान सकूँ। मैं आनन्दित हूँ कि राज्य के रहस्य मेरी आत्मा पर प्रकट हुए हैं। मैं हर दिन प्रकाश, स्पष्टता और सच्चाई में चलता हूं। यीशु के नाम में, आमीन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *