परन्तु जितनों ने उसे ग्रहण किया, उस ने उन्हें परमेश्वर के सन्तान होने का अधिकार दिया, अर्थात उन्हें जो उसके नाम पर विश्वास रखते हैं। (यूहन्ना 1:12)
क्रिसमस सिर्फ़ यीशु के जन्म का जश्न नहीं है – यह परमेश्वर की कई संतानों के जन्म का जश्न है। यीशु केवल हमारे पापों को क्षमा करने नहीं आया; वह हमें अनन्त जीवन देने आया—जो कि परमेश्वर का स्वभाव और जीवन है। वह इसलिए आया ताकि हम गुलाम, अजनबी या किसी धर्म के मानने वाले न रहें, बल्कि परमेश्वर के पुत्र बन जाएँ और वही जीवन प्राप्त करें जो उसके पास है। क्रिसमस मनुष्य को परमेश्वर के साथ दिव्य संगति में लाने की कहानी है।
उद्धार उपलब्ध होने से पहले, लोग सिर्फ़ दूर से ही परमेश्वर की प्रशंसा कर सकते थे, लेकिन अब मसीह के माध्यम से हमें उसकी संगति के स्तर तक लाया गया है। परमेश्वर हमारे साथ संगति करना चाहता था, इसलिए उसने हमें अपना जीवन दिया। जब हम नए जन्मे, तो हमने अपना धर्म नहीं बदला, बल्कि हमने अनन्त जीवन प्राप्त किया। हम नई सृष्टि बन गए क्योंकि हमारे अंदर अनन्त जीवन है। ऐसा ही हुआ!
इसीलिए यीशु से नफ़रत की गई और उसे क्रूस पर चढ़ाया गया – इसलिए नहीं कि उसने परमेश्वर के राज्य का प्रचार किया, बल्कि इसलिए कि उसने ऐलान किया कि वह परमेश्वर का पुत्र हैं, परमेश्वर के समान हैं और भविष्यवक्ताओं द्वारा भविष्यवाणी किया गया ‘मसीह’ हैं। बाइबल कहती है कि यीशु में परमेश्वर की सारी परिपूर्णता सदेह वास करती है (कुलुस्सियों 2:9)। और अब वही मसीह हम में रहता है। अब हम साधारण नहीं रहे। अब हम कमज़ोरी, डर या तकदीर के शिकार नहीं हैं। हम दिव्य जीवन, अनंत तकदीर और स्वर्गीय उद्देश्य वाले परमेश्वर के पुत्र हैं।
इस क्रिसमस, उस मसीह का उत्सव मनाएँ जिसने आपको परमेश्वर की संतान बनाया। आप पुत्र बनने की कोशिश नहीं कर रहे हैं; आप पहले से ही उसके पुत्र हैं। आप परमेश्वर-स्वरूप हैं, उसके जीवन से भरे हुए हैं, माप से परे प्रेम किए गए, और महिमा के लिए नियुक्त किये गए। यीशु का साहसपूर्वक जश्न मनाए, क्योंकि उसके जन्म का सबसे बड़ा प्रमाण आपका नया जन्म है।
प्रार्थना:
प्रिय पिता, मुझे अनन्त जीवन देने और अपनी संतान बनाने के लिए प्रभु यीशु को भेजने के लिए आपका धन्यवाद। आपने मुझमें जो दिव्य स्वभाव रखा है, उसके लिए धन्यवाद। मैं यीशु का, उसमे अपनी पहचान का, और परमेश्वर के पुत्र कहलाए जाने के सौभाग्य का उत्सव मनाता हूँ। मैं हर दिन इस चेतना में जीता हूँ कि आपका जीवन, आपका प्रेम, और आपकी महिमा मुझमें हैं। यीशु के नाम में, आमीन।