और वचन देहधारी हुआ; और अनुग्रह और सच्चाई से परिपूर्ण होकर हमारे बीच में डेरा किया, (और हम ने उस की ऐसी महिमा देखी, जैसी पिता के एकलौते की महिमा)। (यूहन्ना 1:14)

आज दुनिया जान-बूझकर क्रिसमस से यीशु मसीह को हटा रही है। इस मौसम में होने वाली सजावट, आकर्षण, चमक-दमक हमारी आँखों को जितनी भी खूबसूरत लगती हों, हमें यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि क्रिसमस उनके बारे में नहीं बल्कि- हमारे प्रभु यीशु मसीह के बारे में है।

क्रिसमस उस विशेष प्रकार के जीवन को प्रतिबिंबित करने का मौसम है जो यीशु हमें देने के लिए आए थे। कुलुस्सियों 1:27 कहता है; “जिन पर परमेश्वर ने प्रगट करना चाहा, कि उन्हें ज्ञात हो कि अन्यजातियों में उस भेद की महिमा का मूल्य क्या है और वह यह है, कि मसीह जो महिमा की आशा है तुम में रहता है”। यह हमें परमेश्वर की योजना को दिखाता है: मसीह आप में, महिमा की आशा है। आपको यह जीवन देने के लिए यीशु आए, मरे और पुनर्जीवित हुए; जो अलौकिक एवं महिमा से भरपूर है। क्रिसमस इसे अपना लेने और इसके लिए परमेश्वर को धन्यवाद देने का समय है।

मसीह यीशु- परमेश्वर का वचन- देहधारी हुआ (यूहन्ना 1:14)। वही वचन अब पवित्र आत्मा के द्वारा हमारे अंदर वास करता है। यदि मसीह किसी व्यक्ति में वास नहीं करता, तो वह व्यक्ति क्रिसमस का सच्चा अर्थ नहीं समझ सकता। यीशु ने हमारी आत्मा में अपना निवास स्थान बना लिया है; वह सदा के लिए हम में वास करता है। यह प्रकटीकरण हमें हर दिन के हर क्षण में विजयी होकर जीने की सामर्थ देता है।

आज अपने जीवन में प्रभु यीशु का जश्न मनाएं। उसे अपने आनंद, अपनी आराधना और अपनी गवाही का केंद्र बने रहने दें। प्रभु यीशु क्रिसमस का हिस्सा नहीं हैं—क्रिसमस उसी के बारे में है।

प्रार्थना:
प्रिय पिता, क्रिसमस के उपहार और मेरे लिए प्रभु यीशु को भेजने के लिए आपका धन्यवाद। मेरे अंदर मसीह के जीवन के लिए धन्यवाद—जो महिमा की आशा है। मैं हर दिन उसके उद्देश्य का उत्सव मनाते हुए और उसके सुसमाचार को दूसरों तक पहुँचाते हुए जीने का चुनाव करता हूँ। मेरा जीवन यीशु की महिमा करता है—अब और सदा। यीशु के नाम में, आमीन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *