परन्तु मनुष्य में आत्मा तो है ही, और सर्वशक्तिमान अपनी दी हुई सांस से उन्हें समझने की शक्ति देता है। (अय्यूब 32:8)
जैसे की एक और वर्ष समाप्त हो रहा है, हम में से बहुत से लोग सच में प्रगति, और बढ़ोतरी की गवाही दे सकते हैं। हालाँकि, यह अनुभव सभी का नहीं है। कुछ लोगों के लिए जीवन ठीक वैसा ही दिखता है जैसा पिछले वर्ष था—और उससे भी पहले वाले वर्ष जैसा। आगे बढ़ने की इच्छा तो है, फिर भी ठहराव बना हुआ है। इसका कारण सीधा सा है: उनके प्रयास सिर्फ बाहरी बदलावों पर केंद्रित हैं।
हर वर्ष की शुरुआत में लोग बड़े उत्साह के साथ संकल्प लेते हैं। कुछ समय तक वे उन्हें निभाने के लिए मेहनत भी करते हैं, लेकिन जैसे समय बीतता है, वे संकल्प धीरे-धीरे फीके पड़ जाते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि बहुत से लोग एक महत्वपूर्ण सत्य को भूल जाते हैं: जीवन बाहर से नहीं जिया जाता; जीवन आत्मा के द्वारा जिया जाता है। जीवन अंदर से बाहर की ओर है। जब आपका जीवन परमेश्वर की आत्मा के मार्गदर्शन और नियंत्रण में होता है, तब दिव्य सामर्थ आपके जीवन से संबंधित हर बात को दिशा देने और संचालित करने लगती है।
आत्मा के द्वारा चलाया गया जीवन बाहरी भागदौड़ पर निर्भर नहीं होता। इसके बजाय, आपकी आत्मा चार्ज लेती है और आपके मार्ग को परमेश्वर की इच्छा और उद्देश्य के अनुरूप स्थापित करती है। परमेश्वर की आत्मा आपके भीतरी मनुष्य को सामर्थ देती है, जिससे ऐसे स्थायी फल उत्पन्न होते हैं जिन्हें केवल मानवीय प्रयास अपने बल पर बनाए नहीं रख सकता। सच्चा और स्थायी परिवर्तन हमेशा भीतर से ही शुरू होता है।
जब आप आत्मा के अधीन होकर जीते हैं, तब आप जीवन को परमेश्वर के राज्य के दृष्टिकोण से देखने लगते हैं। परमेश्वर का वचन आपके कार्यो, विचारों और प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करता है, और आप आत्मा के वातावरण के साथ अपने वातावरण पर प्रभुत्व स्थापित करना शुरू कर देते हैं। यही वह जीवन है जिसे हमें विश्वासियों के रूप में जीने के लिए बुलाया गया है। इसलिए, केवल बाहरी प्रयास में न लगे रहें। अपने जीवन और अपनी दुनिया पर नियंत्रण अंदर से बाहर की ओर करें।
प्रार्थना:
प्रिय पिता, मैं आपका धन्यवाद करता हूँ कि आपने मुझे पवित्र आत्मा दी है । मेरा जीवन सुंदर है क्योंकि परमेश्वर की आत्मा मुझमें रहती है। मैं मृत्यु या इस संसार की विनाशकारी व्यवस्थाओं के अधीन नहीं हूँ। मैं आपके दिव्य स्वभाव का सहभागी हूँ; अनंत जीवन मुझमें कार्यरत है, यीशु के नाम में। आमीन।