और परमेश्वर सब प्रकार का अनुग्रह तुम्हें बहुतायत से दे सकता है जिस से हर बात में और हर समय, सब कुछ, जो तुम्हें आवश्यक हो, तुम्हारे पास रहे, और हर एक भले काम के लिये तुम्हारे पास बहुत कुछ हो(2 कुरिंथियों 9:8)।
मसीह यीशु में आप कमी के स्तर से नहीं, बल्कि प्रचुरता और बहुतायत की स्थिति में जी रहे हैं। परमेश्वर ने आपको असीमित संसाधनों के क्षेत्र में स्थापित किया है। आपने जो जीवन प्राप्त किया है वह दिव्य है, और उस जीवन को बनाए रखने वाली हर एक चीज़ स्वयं परमेश्वर से प्रवाहित होती है। इसका अर्थ यह है कि आपकी सप्लाई प्राकृतिक व्यवस्थाओं, आर्थिक परिस्थितियों, मानवीय सामर्थ या दिखाई देने वाले संसाधनों तक सीमित नहीं है।
जैसा कि बाइबल सिखाती है, परमेश्वर आप पर हर प्रकार का अनुग्रह बहुतायत से कर सकता है, ताकि आपके पास हमेशा हर चीज़ की पर्याप्तता बनी रहे। यह स्वर्ग की अर्थव्यवस्था को प्रकट करता है—परमेश्वर में न कोई कमी है, और न ही किसी प्रकार की अपर्याप्तता। परमेश्वर जो प्रदान करता है वह कभी-कभार की सहायता नहीं, बल्कि निरंतर प्रावधान है। अनुग्रह केवल आत्मिक सामर्थ ही नहीं है; वह जीवन के हर क्षेत्र में उपलब्ध दिव्य सप्लाई है।
बहुत से विश्वासी संघर्ष इसलिए नहीं करते कि संसाधन उपलब्ध नहीं हैं, बल्कि इसलिए कि उनका मन अभी भी प्राकृतिक सोच के अनुसार प्रशिक्षित है। संसार सीमाएँ, कॉम्पिटिशन और केवल जीवित रहने की मानसिकता सिखाता है, लेकिन परमेश्वर का राज्य प्रचुरता, गुणन और उमड़ती हुई बहुतायत के सिद्धांत पर कार्य करता है। प्रभु यीशु ने यह तब प्रदर्शित किया, जब उन्होंने प्रतीत होने वाली अपर्याप्त सप्लाई से भीड़ को भोजन कराया। इससे यह प्रकट हुआ कि दिव्य संसाधन मात्रा की नहीं, बल्कि विश्वास और अधिकार की प्रतिक्रिया करते हैं (संदर्भ: मत्ती 14:19–20)।
अपने आप को उन संसाधनों पर निर्भर देखने से इनकार करें जो आपके हाथों में हैं। अपने आप को दिव्य सप्लाई का वाहक देखना सीखें। स्वर्ग के संसाधन विश्वास से भरी सोच, बोलने और कार्य करने पर प्रतिक्रिया करते हैं। जब आप अपने मन को परमेश्वर के सत्य के साथ संरेखित करते है, तो अनुग्रह बिना किसी रुकावट के बहने लगता है, और आप स्वयं को हर उस भले काम में बढ़ते हुए पाएंगे जिसे परमेश्वर ने आपके लिए पहले से तैयार किया है।
आप कमी का प्रबंधन नहीं कर रहे हैं; आप प्रचुरता के प्रबंधक के रूप में कार्य कर रहे हैं। मसीह में यही आपकी वास्तविकता है—असीमित संसाधन।
प्रार्थना:
प्रिय पिता, मैं धन्यवाद करता हूँ कि आप ही मेरे स्रोत हैं और मसीह में मुझे असीमित संसाधनों तक पहुँच प्राप्त है। मैं अपने मन को आपके वचन के सत्य के अनुसार नवीनीकृत करता हूँ और कमी, अपर्याप्तता या सीमाओं के हर विचार को अस्वीकार करता हूँ। मैं घोषणा करता हूँ कि मुझ पर अनुग्रह की प्रचुरता है और मेरे पास हर चीज में पर्याप्तता है ताकि मैं हर अच्छे काम में बढ़ता रहूँ। मैं अपने भीतर और अपने माध्यम से कार्य करने वाली दिव्य सप्लाई के प्रति सचेत होकर जीता हूँ, और मैं प्रचुरता तथा उमड़ती हुई बहुतायत में आत्मविश्वास के साथ चलता हूँ। यीशु के नाम में, आमीन।