उठ, प्रकाशमान हो; क्योंकि तेरा प्रकाश आ गया है, और यहोवा का तेज तेरे ऊपर उदय हुआ है। (यशायाह 60:1)

जैसे ही आप इस वर्ष को प्रार्थना और उपवास के साथ समाप्त करते हैं और नए वर्ष में प्रवेश करने की तैयारी करते हैं, यह अत्यंत आवश्यक है कि आप जानबूझकर यह निर्णय लें कि आप परमेश्वर के राज्य के लिए पहले से कहीं अधिक महान प्रभाव डालेंगे। उपवास का समय सिर्फ़ बीती चीज़ों को आंकनें के पल नहीं होते; वे हमारे हृदयों को परमेश्वर के उद्देश्य के साथ फिर से संरेखित और आने वाले दिनों के लिए नई दिशा पाने के दिव्य अवसर होते हैं।

बहुत से लोग नए वर्ष में मुख्य रूप से व्यक्तिगत लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करते हुए प्रवेश करते हैं—जैसे करियर में उन्नति, आर्थिक स्थिति, या अपनी सुविधाएँ। हालाँकि ये गलत नहीं हैं, फिर भी परमेश्वर की संतान के लिए एक उच्च और अधिक उत्कृष्ट मार्ग यह है कि वह परमेश्वर के राज्य के प्रभाव को प्राथमिकता दे। जब आपके लक्ष्य सुसमाचार की उन्नति और मसीह के लिए जीवनों को छूने के साथ संरेखित होते हैं, तो व्यक्तिगत सफलता स्वाभाविक रूप से उसके पीछे-पीछे आती है। छोटा हमेशा बड़े में शामिल होता है। जब आप पहले परमेश्वर के राज्य को खोजते हैं, तो बाकी सारी चीज़े अपने आप सही स्थान पर आ जाती हैं।

इसलिए, प्रार्थना और उपवास के इन दिनों में आपकी सबसे महत्वपूर्ण प्रार्थना पॉइंट में से एक यह होना चाहिए कि आप परमेश्वर के साथ और अधिक निकटता से चलें। उसके साथ घनिष्ठता आपकी आत्मिक दृष्टि को तेज करती है, आत्माओं के लिए आपके भीतर के जुनून को प्रज्वलित करती है, और आपको उसकी महिमा से चमकने की सामर्थ देती है। प्रभाव केवल प्रयास से उत्पन्न नहीं होता; वह उस जीवन से प्रवाहित होता है जो परमेश्वर से गहराई से जुड़ा हुआ और उसकी आत्मा के अधीन समर्पित होता है।

इसलिए अपने आप को आत्मिक रूप से तैयार करें। परमेश्वर की महिमा आप पर प्रकट हुई है, और आपको चमकने के लिए बुलाया गया है—चुपचाप नहीं, बल्कि साहस और निर्भीकता के साथ। जैसे-जैसे आप उसके और निकट आते हैं, वह आपको उन स्थानों, लोगों और अवसरों तक ले जाएगा जहाँ आपका जीवन अनन्त प्रभाव उत्पन्न करेगा। आप समृद्ध होने और आशीष का कारण बनने के लिए स्थापित किए गए हैं, क्योंकि उसकी महिमा आपके द्वारा कार्य कर रही है।

घोषणा:
मैं उठता हूँ और चमकता हूँ, क्योंकि प्रभु की महिमा मुझ पर है। जब मैं उपवास और प्रार्थना करता हूँ, तब मैं परमेश्वर के साथ और अधिक निकटता से चलता हूँ और उसकी आत्मा से नई दिशा प्राप्त करता हूँ। पवित्र आत्मा के द्वारा, मैं अपनी दुनिया में परमेश्वर की बुद्धिमत्ता, प्रेम, और सामर्थ के साथ प्रभाव डालता हूँ। मैं उसकी महिमा में चलता हूँ, उसकी सत्यनिष्ठा प्रकट करता हूँ, और बहुत लोगों को प्रभु यीशु मसीह के महिमामय सुसमाचार की रोशनी में लाता हूँ। आमीन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *