पर अन्न सयानों के लिये है, जिन के ज्ञानेन्द्रिय अभ्यास करते करते, भले बुरे में भेद करने के लिये पक्के हो गए हैं (इब्रानियों 5:14)।

जिस प्रकार एक खिलाड़ी ट्रॉफी जीतने के लिए अपने शरीर को प्रशिक्षित करता है, उसी प्रकार निरंतर विजय में जीने के लिए आपकी आत्मा को भी प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। जीवन में विजय अपने आप नहीं मिलती; यह अनुशासित और आत्मिक अभ्यास के द्वारा विकसित की जाती है। बाइबल कहती है कि जो परिपक्व हैं, वे वही हैं जिन्होंने अभ्यास के द्वारा अपनी इंद्रियों को प्रशिक्षित किया है। उसी तरह, जितना अधिक आप अपनी आत्मा का उपयोग करेंगे, वह उतनी ही अधिक दृढ़ और सतर्क होती जाएगी।

आप अपनी आत्मा को कैसे प्रशिक्षित करते हैं? जानबूझकर आत्मिक अभ्यासों में लगकर। सबसे पहले, वचन पर मनन करके: केवल शास्त्रों को पढ़ना ही नहीं, बल्कि गहराई से विचार करना और परमेश्वर के वचन को अपनी सोच और निर्णयों को आकार देने देना। फिर है, स्वर्गीय भाषा में प्रार्थना करना: यह एक अनोखा उपहार है जो आपके भीतरी मनुष्य को सामर्थी बनाता है, आपकी आत्मिक समझ को तेज करता है, और आपको दिव्य निर्देश प्राप्त करने की स्थिति में लाता है। फिर आता है, आराधना और उपवास: ये आपके शरीर को शांत करके, आत्मा की आवाज को बढ़ाने की स्थिति में लाते हैं। अंतिम लेकिन महत्वपूर्ण बात है, वचन का अंगीकार: अपने जीवन पर परमेश्वर के वचन को बोलना आपकी आत्मा को यह सिखाता है कि वह परिस्थितियों के बजाय सत्य पर प्रतिक्रिया करे।

सफलता का रहस्य निरंतरता है। जिस तरह मसल्स एक ही रात में नहीं बढ़तीं, उसी तरह आपका आत्मिक मनुष्य भी एक दिन में मज़बूत नहीं होता। लेकिन जब आप निरंतर खुद को इन आत्मिक अभ्यासों के लिए समर्पित करते हैं, तब आप आत्मिक रूप से फिट हो जाते हैं और हर परिस्थिति पर विजय पाने के लिए तैयार हो जाते हैं।

आपको निरंतर और स्थायी विजय के लिए रचा गया है, लेकिन वह विजय उस आत्मा से बहती है जो प्रभु में सतर्क, अनुशासित और सामर्थी है। अपने प्रशिक्षण को नज़रअंदाज़ न करें। हर दिन अपनी आत्मा में निवेश करने के लिए समय निकाले, और आप सदैव विजय में चलते रहेंगे।

प्रार्थना:
प्रिय पिता, मैं मसीह में मुझे दी गई सामर्थ और विजय के लिए आपका धन्यवाद करता हूँ। आपके वचन और प्रार्थना के द्वारा मेरी आत्मा सतर्क, अनुशासित और सामर्थी है। जब मैं वचन पर मनन करता हूँ, आत्मा में प्रार्थना करता हूँ, और आत्मिक अभ्यास करता हूँ, मैं समझ में बढ़ता हूँ और निरंतर विजय में चलता हूँ। मैं प्रशिक्षित हूँ, तैयार हूँ, और जीवन की हर परिस्थिति से ऊपर स्थित हूँ। मैं हर दिन विजय के साथ जीता हूँ, यीशु के नाम में। आमीन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *