सो हे मेरे प्यारो, जिस प्रकार तुम सदा से आज्ञा मानते आए हो, वैसे ही अब भी न केवल मेरे साथ रहते हुए पर विशेष करके अब मेरे दूर रहने पर भी डरते और कांपते हुए अपने अपने उद्धार का कार्य पूरा करते जाओ। (फिलिप्पियों 2:12)
उन बातों में से एक जिसे आपको सबसे कीमती समझना चाहिए, वह आपका उद्धार है। इन अंतिम दिनों में, आपको अपने उद्धार की पहले से कहीं अधिक रक्षा करनी चाहिए। शैतान लोगों को उद्धार से दूर करने के लिए धोखा दे रहा है। इब्रानियों 2:3 कहता है, “तो हम लोग ऐसे बड़े उद्धार से निश्चिन्त रह कर क्योंकर बच सकते हैं? जिस की चर्चा पहिले पहिल प्रभु के द्वारा हुई, और सुनने वालों के द्वारा हमें निश्चय हुआ।” यह आपको दिखाता है कि आपका उद्धार आपके जीवन की सबसे पहली प्राथमिकता है।
आप जीवन में चाहे जो भी प्राप्त करें, यदि उद्धार नहीं है तो सब व्यर्थ है। अपने उद्धार की रक्षा करें; संसार और उसकी वस्तुओं को इसे आपसे छीनने न दें। सुनिश्चित करें कि आप परमेश्वर के प्रकाश में, उद्धार की संपूर्णता में चल रहे हैं। यीशु ने मरकुस 8:36 में कहा, “यदि मनुष्य सारे जगत को प्राप्त करे और अपने प्राण की हानि उठाए, तो उसे क्या लाभ होगा?”
इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आपके पास कितना धन हैं, कितने लोग आपकी प्रशंसा करते हैं, आप कितने लोगों की सहायता करते हैं या उन पर प्रभाव डालते हैं, या आप पृथ्वी पर रहते हुए कितनी जगहों पर जाते हैं। जो सबसे अधिक महत्वपूर्ण है, वह आपका उद्धार है, क्योंकि इसके बिना ये सब बातें कोई अर्थ नहीं रखतीं।
अपने उद्धार को किसी भी चीज़ के बदले में न दें। मसीह में बने रहें, उसके वचन में बने रहें, और अपने संसार में उसके प्रेम और सत्यनिष्ठा को प्रकट करते रहें। याद रखें, आप यहाँ इसलिए हैं कि जैसे आप अपने उद्धार की रक्षा करते हैं, वैसे ही दूसरों को भी उद्धार ग्रहण करने में सहायता करें।
प्रार्थना:
प्रिय पिता, मैं आपको धन्यवाद देता हूँ उस अद्भुत उद्धार के उपहार के लिए जो आपने मुझे मसीह यीशु में दिया है। मैं अपने उद्धार की रक्षा करता हूँ और संसार में लौटने से इंकार करता हूँ। आपका प्रेम मुझे सुसमाचार प्रचार करने और खोए हुओं तक प्रेम के साथ पहुँचने के लिए प्रेरित करता है, ताकि वे अंधकार से निकलकर मसीह में आएँ। आमीन।